कपकोट में दर्दनाक हादसा: 20 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप, महिला समेत दो की मौत

…….

बागेश्वर न्यूज़- जिले के कपकोट क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसा कपकोट-बागेश्वर मोटर मार्ग पर तुडतुडिया भैरों लिंक रोड में हुआ, जहां घास लेने जा रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह असों क्षेत्र से टाटा 407 पिकअप वाहन (UK-02 CA-0677) भैरों की ओर जा रहा था। वाहन में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे, जिनमें पांच महिलाएं शामिल थीं। सभी महिलाएं घास लेने के लिए जा रही थीं।बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8:15 बजे मुख्य सड़क से लगभग एक किलोमीटर आगे पहुंचने पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया।

चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पिकअप सड़क से नीचे करीब 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक भूपाल सिंह (33) निवासी खारबगड़ को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

वहीं, हादसे में घायल सुरमा देवी (56) निवासी खटगेड़ा-रेथल, जो प्राथमिक विद्यालय असों में भोजन माता के पद पर कार्यरत थीं, की हालत भी बेहद गंभीर थी। जिला चिकित्सालय बागेश्वर में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन गेरीछिना रोड के पास एम्बुलेंस में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

ये महिलाएं हुईं घायल

हादसे में घायल चार महिलाओं का जिला चिकित्सालय बागेश्वर में उपचार चल रहा है। उनकी पहचान इस प्रकार है—

  • राधा देवी (27), निवासी खटगेड़ा-रथेल
  • तारा देवी (33), निवासी खटगेड़ा-रथेल
  • उमा देवी साही (25), निवासी खटगेड़ा-रथेल
  • कमला ऐठानी (32), निवासी ऐठाड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *