haldwani 10वीं की छात्रा नाबालिग किशोर के साथ जेवर और नगद लेकर लापता
शहर में 10वीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा के एक नाबालिग किशोर के साथ लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि छात्रा घर से अपनी मां के सोने के जेवर और 10 हजार रुपये नकद लेकर गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में छात्रा स्कूल गेट से एक किशोर के साथ स्कूटी पर जाती दिखाई दी है। जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई की सुबह छात्रा के पिता उसे नैनीताल रोड स्थित स्कूल छोड़ने गए थे। दोपहर करीब 3:15 बजे छुट्टी के समय जब वह बेटी को लेने पहुंचे तो स्कूल प्रबंधन ने बताया कि छात्रा पूरे दिन स्कूल में आई ही नहीं। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस ने स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि छात्रा स्कूल गेट से ही एक नाबालिग किशोर के साथ स्कूटी पर बैठकर चली गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किशोर शहर के ही एक अन्य स्कूल का छात्र है।परिजनों का कहना है कि घर लौटकर अलमारी की जांच करने पर पता चला कि छात्रा अपनी मां के चार सोने के कड़े, छह सोने की अंगूठियां और 10 हजार रुपये नकद भी साथ ले गई है। परिवार का आरोप है कि किशोर ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
