असंग्रहित गणना प्रपत्र वाले मतदाताओं के पुनः सत्यापन के निर्देश, कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को ऑनलाइन माध्यम से जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी चरणों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अल्मोड़ा में गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण का कार्य पूर्ण
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद अल्मोड़ा में गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। ऐसे मतदाता जिनके गणना प्रपत्र किसी भी कारणवश बीएलओ को प्राप्त नहीं हो सके हैं, उन्हें वर्तमान में असंग्रहित (अनकलेक्टेबल) श्रेणी में रखा गया है।
मतदाताओं के पास अभी भी अवसर उपलब्ध है
बैठक में बताया गया कि ऐसे मतदाताओं के पास अभी भी अवसर उपलब्ध है कि वे वर्ष 2003 की मतदाता सूची में उपलब्ध अपने विवरण के आधार पर निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से अपना गणना प्रपत्र भर सकते हैं अथवा संबंधित बीएलओ को जमा कर सकते हैं।
बीएलओ स्तर पर प्रकरणों की पुनः समीक्षा कराई जाए
असंग्रहित (अनकलेक्टेबल) श्रेणी के मतदाताओं के पुनः सत्यापन के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी उप जिलाधिकारियों, ईआरओ एवं एईआरओ को निर्देशित किया गया कि बीएलओ स्तर पर प्रकरणों की पुनः समीक्षा कराई जाए तथा ऐसे मतदाताओं का दोबारा सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
आगामी चरणों की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के भी निर्देश
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के आगामी चरणों की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समस्त कार्य निर्धारित समयसीमा में संपन्न किए जा सकें।
