विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग में विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा
राजकीय इंटर कॉलेज मनान में आज विकासखंड ताकुला की द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से 46 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में अपनी समझ और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक विज्ञान समन्वयक डॉ. संजय पांडे ने की, जबकि प्रतियोगिता का संचालन ब्लॉक विज्ञान सह समन्वयक अंकित जोशी द्वारा किया गया। विद्यार्थियों के बीच आयोजित विभिन्न विज्ञान क्विज में प्रतिभागियों ने अपनी त्वरित सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं विषयगत ज्ञान का परिचय दिया।
सीनियर वर्ग में कामाक्षी को मिला प्रथम स्थान
सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज मनान की कामाक्षी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज सोमेश्वर की उदिता जोशी द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज गणानाथ के लव कांडपाल तृतीय स्थान पर रहे।
जूनियर वर्ग में चंचल भाकुनी को मिला प्रथम स्थान
वहीं जूनियर वर्ग में चंचल भाकुनी महात्मा गांधी स्मारक इंटर कालेज चनौदा ने प्रथम, आरुषि रा उ मा वि लोध ने द्वितीय तथा श्री राम विद्या मंदिर डोटियालहलगांव के प्रत्यूष सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों में दिखा खासा उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न चरणों में आयोजित प्रश्नों और गतिविधियों ने प्रतिभागियों को केवल अपने ज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर ही नहीं दिया, बल्कि वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता, जिज्ञासा और त्वरित निर्णय क्षमता को भी परखने का मंच प्रदान किया।
विजेता प्रतिभागियों को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उन्हें प्रश्न पूछने, प्रयोग करने और समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करती हैं।
आयोजकों ने किया आभार व्यक्त
आयोजकों ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं सहयोगी विद्यालयों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़ी ऐसी गतिविधियों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।
