Almora मुए-थाई की तीन छात्राओं ने मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति में चयन सुनिश्चित किया
अल्मोड़ा। हेमवती नन्दन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम अल्मोड़ा में मुए-थाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही तीन प्रतिभावान छात्राओं सिमरन सिजवाली, हिमानी मेर एवं दीक्षा बिष्ट ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मा. मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत जनपद स्तर पर अपना चयन सुनिश्चित कर जिले का नाम रोशन किया है।
योजना के अंतर्गत 14 से 17 आयु वर्ग में सिमरन सिजवाली (कराटे) एवं दीक्षा बिष्ट (जूडो) तथा 19 से 21 आयु वर्ग में हिमानी मेर (जूडो) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्रवृत्ति के लिए अपना स्थान पक्का किया। तीनों खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मेहनत का उत्कृष्ट परिचय दिया।
मुए-थाई कोच यशपाल भट्ट ने बताया कि तीनों छात्राएं नियमित रूप से मुए-थाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षण के साथ-साथ अन्य खेलों में भी उनके निरंतर अभ्यास और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है कि उन्होंने जनपद स्तर पर मुख्यमंत्री प्रोत्साहन खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया है।
तीनों खिलाड़ियों के माता-पिता ने अपनी बेटियों की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस उपलब्धि पर अल्मोड़ा जिलाधिकारी श्री अंशुल सिंह, हेमवती नन्दन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम अल्मोड़ा की क्रीड़ा अधिकारी, मुए-थाई एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश जोशी, महासचिव श्री नीलेश जोशी, विश्व पदक विजेता श्रीमती प्रज्ञा जोशी, मुए-थाई कोच श्री यशपाल भट्ट, विवेकानंद बालिका विद्या मंदिर जीवनधाम अल्मोड़ा की प्रधानाचार्या श्रीमती गोदावरी चतुर्वेदी, खेल विभाग के यशवंत, प्रेम सिंह, योगेश सहित खेल विभाग के सभी कोचों ने तीनों छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सभी ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों का छात्रवृत्ति के लिए चयन उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन एवं उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परिणाम है। उनकी यह उपलब्धि अल्मोड़ा जनपद के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है और खेलों के प्रति युवाओं में उत्साह बढ़ाने का कार्य करेगी
