विकास खण्ड लमगड़ा में उपायुक्त ग्राम्य विकास विभाग ने की निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित

विकास खण्ड लमगड़ा में उपायुक्त ग्राम्य विकास विभाग उत्तराखंड, द्वारा निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित
आज दिनांक 18/05/2026 को विकास खण्ड लमगड़ा में उपायुक्त ग्राम्य विकास विभाग, पौड़ी श्री भरत चन्द्र भट्ट जी द्वारा विकास खण्ड कार्यालय का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना एवं NRLM की ओर से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पाद भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
निरीक्षण उपरांत उपायुक्त महोदय द्वारा विकास खण्ड के समस्त कार्यालय एवं फील्ड स्टाफ के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त महोदय ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनकी कार्य संबंधी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा सभी को ईमानदारी, पारदर्शिता एवं सरलतापूर्वक कार्य संपादित करने हेतु प्रेरित किया।
इसके पश्चात उपायुक्त महोदय द्वारा ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के माध्यम से स्थापित सामूहिक उद्यमों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सीता स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित सिलाई, बुनाई एवं प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन किया गया, जहां महिलाओं द्वारा स्वरोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। साथ ही प्रकृतिमाई स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित हिलांस आउटलेट एवं प्रोसेसिंग यूनिट का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त महोदय ने परियोजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के रोजगारपरक एवं आजीविका संवर्धन कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर विकास खण्ड एवं रीप परियोजना के अधिकारी, कर्मचारी, CLF स्टाफ, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *