नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने संभाली नैनीताल पुलिस की कमान

नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने संभाली नैनीताल पुलिस की कमान,

देर रात अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता, पुलिस मैस का भी किया औचक निरीक्षण

नैनीताल। नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अर्पण यदुवंशी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद देर रात जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली।

बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी बात रखने और समस्याएं साझा करने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को विश्वास में लें और उनकी समस्याओं का अपने स्तर से हरसंभव समाधान सुनिश्चित करें।

एसएसपी ने कहा कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन जनपद है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और जनहितकारी होना चाहिए। थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनते हुए उसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। जनता का विश्वास जीतना, अधीनस्थों का मनोबल बढ़ाना और अनुशासन के साथ जनसेवा करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक के बाद एसएसपी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैस की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और स्वच्छता का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए आमजन के प्रति संवेदनशीलता के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और विभागीय अनुशासन पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है।

बैठक में एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, विमल प्रसाद, अंजना नेगी, लव शर्मा, विनय सिंह, समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जनपद के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी, प्रधान लिपिक, अकाउंटेंट, आशुलिपिक और पीआरओ समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *