Almora नवनियुक्त 42 सहायक अध्यापकों को मिले नियुक्ति पत्र

जनपद अल्मोड़ा स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नवनियुक्त 42 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कंधों पर भावी पीढ़ी के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के उन अग्रणी राज्यों में शामिल है, जहां उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा पहुंचाना है।उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी सरकारी विद्यालय को बंद नहीं किया जाएगा। यदि किसी गांव में केवल एक छात्र भी अध्ययनरत होगा, तब भी वहां विद्यालय का संचालन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में भी बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।डॉ. रावत ने बताया कि प्रदेश के लगभग 22 हजार विद्यालयों में शौचालयों के निर्माण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही भिक्षावृत्ति जैसे कार्यों में संलग्न बच्चों के पुनर्वास एवं उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर छात्रावास स्थापित किए गए हैं।शिक्षा मंत्री ने नवनियुक्त शिक्षकों से अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार एवं चरित्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की आधारशिला है।इस अवसर पर विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने डायट परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधरोपण कर उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, ललित लटवाल, डायट के प्राचार्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नवनियुक्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *