महानगर रामलीला महोत्सव आज से, पहले दिन होगा राम जन्मोत्सव का मंचन
लखनऊ। श्री रामलीला समिति महानगर, लखनऊ की ओर से 14 से 21 अक्टूबर तक आठ दिवसीय 61वें रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के पहले दिन बुधवार को श्री गणेश पूजन और मंगलाचरण के साथ रामलीला का शुभारंभ होगा। इस दौरान राम जन्मोत्सव, सीता जन्मोत्सव सहित विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
रामलीला का निर्देशन महेंद्र पंत और उनके सहयोगी हरीश लोहुमी कर रहे हैं। समिति के अध्यक्ष ललित मोहन जोशी और महासचिव हेम पंत ने बताया कि प्रथम दिवस की लीला में दशरथ-वशिष्ठ संवाद, राम जन्मोत्सव, सीता जन्मोत्सव, दशरथ-विश्वामित्र संवाद, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार, विश्वामित्र-जनक संवाद, पुष्प वाटिका प्रसंग और गौरी पूजन का मंचन किया जाएगा।
समिति के मीडिया प्रभारी देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि रामलीला के पात्रों का पूर्वाभ्यास देर रात तक चलता रहा। इस वर्ष रामलीला के अधिकांश पात्रों की भूमिका महिला कलाकार निभा रही हैं।
महिला कलाकार निभाएंगी प्रमुख पात्रों की भूमिका
राम की भूमिका यशी लोहुमी, लक्ष्मण की फाल्गुनी लोहुमी, सीता की अनुराधा मिश्रा, भरत की प्रतिष्ठा शर्मा और शत्रुघ्न की यशी शर्मा निभाएंगी। कैकेयी की भूमिका आशा रावत, कौशल्या की भारती कांडपाल, शूर्पणखा की लविता हलोई, ताड़का की कृतिका श्रीवास्तव, मंथरा की राधिका बोरा, शबरी की हेमा जोशी तथा गौरी और अहिल्या की भूमिका प्रसिद्ध जोशी निभाएंगी। वहीं, रावण की भूमिका भास्कर जोशी करेंगे।
रामलीला के लिए वस्त्र सज्जा की जिम्मेदारी हिमांशु मिश्रा और रूप सज्जा की जिम्मेदारी अजय राठौर को सौंपी गई है। प्रशासनिक व्यवस्थाओं का दायित्व मुख्य संयोजक दीपक पांडेय ‘दीनू’ संभालेंगे।
रामलीला में आज
प्रमुख प्रसंग: श्री गणेश पूजन, मंगलाचरण, दशरथ-वशिष्ठ संवाद, राम जन्मोत्सव, सीता जन्मोत्सव, दशरथ-विश्वामित्र संवाद, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार, विश्वामित्र-जनक संवाद, पुष्प वाटिका प्रसंग और गौरी पूजन।
आयोजन अवधि: 14 से 21 अक्टूबर 2026, प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से
स्थान: महानगर, लखनऊ
